बिना पूछे सेना के अफसरों व जवानों की एक दिन की सैलरी प्रधानमंत्री राहत कोष में देने से एक नया विवाद खड़ा हो गया है। सेना के अफसर व सैनिक नाराज है कि उनसे इस बारे में पूछा तक नहीं गया। बिना पूछे ही उनकी एक दिन की सैलरी काट दी गई है।
अनुशासन को ध्यान में रखते हुए सेना के अफसर खुलकर बोलने से कतरा रहे हैं, लेकिन अधिकारियों के नाराजगी के मैसेज वाट्सअप में खूब वायरल हो रहे हैं। पिछले हफ्ते भारतीय सेना की ओर से प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए 100 करोड़ रुपये की राशि जमा कराई गई है।
सेना प्रमुख दलबीर सिंह ने राशि का चेक आर्मी हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया था। यह सैलरी जनवरी माह की काटी गई है। यानी फरवरी में अफसरों व सैनिकों को मिलने वाली सैलरी कम मिलेगी।
बताया जा रहा है कि भारतीय सेना की ओर से यह राशि जम्मू कश्मीर में आई बाढ़ के विस्थापितों को दी गई है। इस बारे में सेना की ओर से कुछ भी बोलने से मना कर दिया गया है।