चंडीगढ़। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने मोहाली के रहने वाले गुरकीरत सिंह मान को बल्लेबाज रिंकू सिंह के स्थान पर टीम में शामिल किया है। रिंकू सिंह घुटने की चोट के कारण आईपीएल के इस सीजन के लिए बाहर हो गए हैं। 2017 में आईपीएल में पदार्पण करने वाले रिंकू ने कुल 11 आईपीएल खेले हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने 50 लाख रुपये के बेस प्राइस पर गुरकीरत को टीम से जोड़ा है।
गुरकीरत को आईपीएल 2021 की नीलामी से पहले रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू ने रिलीज किया था। वह आईपीएल 2020 में विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के लिए खेले थे। 2021 गुरकीरत का आईपीएल का आठवां सीजन होगा। मौजूदा आईपीएल का यह 14वां संस्करण 9 अप्रैल से शुरू हो रहा है। केकेआर को आईपीएल के इस सीजन की शुरुआत 11 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई के मैदान पर करनी है। इयोन मोर्गन पहली बार पूरे टूर्नमेंट के लिए केकेआर की कप्तानी संभालेंगे।
पंजाब से आईपीएल तक का सफर
गुरकीरत सिंह मान मोहाली के रहने वाले हैं। इन्होंने अपने क्रिकेट कॅरिअर की शुरूआत पंजाब की टीम से की। इस खिलाड़ी ने अंडर-19 कूच बिहार प्रतियोगिता में पंजाब टीम से खेलते हुए बेहतर प्रदर्शन किया था, जिसकी बदौलत वह पंजाब अंडर-22 टीम के भी सदस्य बने। इस टीम ने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद उन्होंने 2012 में पंजाब के लिए वनडे में डेब्यू किया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। गुरकीरत ने पहले पांच मैच में 236 रन बनाए। इस प्रदर्शन को देखते हुए किंग्स इलेवन पंजाब ने उन्हें खरीद लिया। अपने पहले आईपीएल सीजन में गुरकीरत ने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ एक अहम मुकाबले में 12 गेंदों पर 29 रन ठोककर अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई। इसके बाद भी उन्होंने कई बार अपनी टीम को संकट से उबारा। 2016 में भारत की सीनियर टीम में शामिल होकर आस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था। आईपीएल में कुल 41 मुकाबलों में 121.1 के स्ट्राइक रेट से 511 रन बना चुके हैं।
टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करूंगा
गुरकीरत सिंह मान ने बताया कि वह केकेआर से जुड़ने से काफी खुश हैं। टीम प्रबंधन ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश रहेगी। टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों से लेस है। टीम की ओर से जब भी मुझे खेलने का मौका दिया जाएगा। उस मौके को बेहतर प्रदर्शन के जरिए भुनाने की पूरी कोशिश रहेगी।