गुरदासपुर से भाजपा के लोकसभा सांसद और अभिनेता सनी देओल ने दुनिया से अपील की है कि किसानों और उनकी सरकार के बीच कोई न आए। यह उनका आपसी मामला है। दोनों पक्ष बातचीत से इसका हल निकालेंगे। सांसद सनी ने ट्विटर और फेसबुक पर डाली पोस्ट में लिखा है कि ‘मैं जानता हूं कई लोग इसका फायदा उठाना चाहते हैं और वह मामले में अड़चन डाल रहे हैं। ऐसे लोग किसानों के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहे। इसमें उनका खुद का स्वार्थ हो सकता है।’
सांसद देओल ने कहा कि वह अपनी पार्टी और किसानों के साथ हैं और हमेशा किसानों के साथ रहेंगे। उनकी सरकार ने हमेशा किसानों के भले के बारे में सोचा है। उन्हें यकीन है कि सरकार किसानों से बातचीत करके सही नतीजे पर पहुंचेगी। बता दें कि देश और विदेश में बसे पंजाबी इन दिनों किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद कर भारतीय दूतावासों के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
साथ ही वह इस कानून को वापस लेने के लिए भारत पर दबाव बनाने की बात कह रहे हैं। हाल ही में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने किसान आंदोलन का समर्थन किया था, जिसे भारत ने देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बताते हुए कनाडाई राजदूत को तलब कर दोनों देशों के संबंधों को नुकसान पहुंचने की चेतावनी दी थी।
किसानों का साथ देने पर अपने साथी से भी दूर हुए सांसद
सांसद सनी देओल ने चुनावों में कंधे से कंधा मिलाकर रणनीति तैयार करने वाले अपने साथी व पंजाबी फिल्मों के अभिनेता दीप सिद्धू से किनारा कर लिया है। सनी देओल ने साफ किया कि वह लंबे समय से उनके साथ नहीं हैं। वह जो कुछ कह रहे हैं और कर रहे हैं खुद अपनी इच्छा के अनुसार कर रहे हैं।
यह जानकारी खुद सांसद सनी देओल ने ट्विटर और फेसबुक पर संदेश डालकर दी। हालांकि ऐसी ही जानकारी दीप सिद्धू काफी पहले दे चुके हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी सांसद सनी से कोई बात नहीं होती है और दोनों में काफी फासला आ गया है। गौर रहे कि सनी देओल के साथ लोकसभा के चुनावी दंगल में साथ देने वाले दीप सिद्धू शुरू से ही किसान आंदोलन से जुड़े हैं और सरकार के खिलाफ सख्त तेवर अपनाए हुए हैं। दीप सिद्धू ने लाइव होकर और अपने भाषणों के दौरान कई बार केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल खड़े किए हैं।