आजकल कई फिल्में आ रही हैं, लेकिन सबसे बड़ी कमी उनके कंटेंट में लगती है। फिल्म की कहानी दिलचस्प होनी चाहिए। यह बात प्रसिद्ध गायक गुरदास मान ने आईटी पार्क स्थित एक होटल में अपनी आने वाली फिल्म ‘दिल विल प्यार व्यार’ की प्रमोशन के बाद कही। उनके साथ उनकी पत्नी मनजीत मान, जस्सी गिल और मानव भी मौजूद थे। ये फिल्म दो मई को रिलीज होगी।
यूनिसिस इन्फोसॉल्यूशंस और साईं क्रिएशंस के बैनर में बन रही इस फिल्म का निर्देशन मनजीत मान ने किया है। मनजीत ने कहा कि यह एक पारिवारिक फिल्म है, जिसमें भरपूर कामेडी है।
प्रमोशन के साथ फिल्म का डिजिटल पोस्टर भी लांच किया गया। इस फिल्म में गुरदास मान और जस्सी गिल ने मिलकर एक गीत गाया है, जिसके बोल मितरां दा दिल नच्चदा है।
गुरदास मान ने कहा कि एक जमाना था जब उनका गीत दिल दा मामला काफी हिट रहा। इसी के बदले पहली फिल्म का ऑफर भी मिला, लेकिन अब समय के साथ काफी बदलाव आ गया है। आजकल का पंजाबी संगीत बहुत अच्छा है, लेकिन उनके गीतों के बोल थोड़ा खलते हैं।
पंजाबी गायकी में नए गायक जुड़े हैं, जिनमें सरताज, कंवर ग्रेवाल और सलीम का नाम लिया जा सकता है, जो पंजाबी गायकी की विरासत को संभाल रहे हैं। मान ने कहा कि वे नए लोगों से सीखते हैं और नए प्रयोग भी करते रहते हैं।
गाने का शौक ले आया यहां: जस्सी गिल
लांसर, प्यार मेरा पुज गया एहो जे मुकाम ते, नैना नूं जैसे गाने गाकर हिट हुए गायक जस्सी गिल ने कहा कि उन्होंने कभी सिंगर बनने की नहीं सोची थी।
पंजाब के खन्ना निवासी जस्सी ने फिल्म दिल विल प्यार व्यार में गुरदास मान के साथ गाना गाया है जिस पर जस्सी ने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ी बात है।
उन्होंने कई यूथ फेस्टिवल में हिस्सा लेने के बाद अपनी पहली एलबम निकाली, जिसके गाने चले और उसके बाद लांसर, प्यार मेरा पुज गया जैसे गानों ने सफलता दिला दी, अभी हाल ही में फिल्म मिस्टर और मिसेज 420 को अच्छा रिस्पांस मिला तो काफी खुशी मिली।