चंडीगढ़। ऑलेंजर्स गली क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के चौथे संस्करण की शुरुआत इस बार और भी खास होने जा रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद 17 अप्रैल 2026 को सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि और गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शिरकत करेंगे।
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) द्वारा चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग से आयोजित यह टूर्नामेंट युवाओं में क्रिकेट को बढ़ावा देने के साथ-साथ नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। शाम को होने वाले उद्घाटन समारोह में कई अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे, जिनमें यूटी चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरदीप कौर और टूर्नामेंट के चेयरमैन व बीसीसीआई की डब्ल्यूपीएल गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजय टंडन शामिल हैं।
टूर्नामेंट में कुल 288 टीमें हिस्सा लेंगी
इस वर्ष टूर्नामेंट में कुल 288 टीमें हिस्सा लेंगी। जिनमें 256 लड़कों और 32 लड़कियों की टीमें शामिल हैं। करीब 3,400 युवा खिलाड़ी (14 से 19 वर्ष आयु वर्ग) इसमें भाग लेंगे। मैच चंडीगढ़ के विभिन्न मैदानों पर नॉकआउट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। हर मैच 10-10 ओवर का होगा। इस मौके पर संजय टंडन ने कहा कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव की मौजूदगी इस बात को दर्शाती है कि खेलों के माध्यम से सामाजिक बदलाव और युवाओं की भागीदारी को कितना महत्व दिया जा रहा है।