चंडीगढ़। इंडियन प्रीमियर लीग में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाला मुकाबला गुजरात टाइटन्स के लिए बेहद अहम है। इस मैच में जीतने वाली टीम ही फाइनल में जगह बनाएगी। यह बात गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने वीरवार को एक पत्रकार वार्ता में कही।
पटेल ने राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वैभव इस समय शानदार लय में हैं और बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी ने सभी को प्रभावित किया है। पार्थिव पटेल ने बताया कि गुजरात टाइटन्स उनके खिलाफ खास रणनीति बनाकर मैदान पर उतरेगी। उन्होंने हंसते हुए कहा कि वैभव उनके खिलाफ शुक्रवार के मुकाबले में नहीं चलेगा। पटेल ने यह भी माना कि राजस्थान रॉयल्स अच्छा प्रदर्शन कर रही है और उनकी टीम संतुलित है। हालांकि, गुजरात टाइटन्स भी पूरी मजबूती के साथ मुकाबला करने को तैयार है।
प्रमुख खिलाड़ियों पर भरोसा
पार्थिव पटेल ने ऑलराउंडर जेसन होल्डर पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि होल्डर टीम प्रबंधन के भरोसे पर खरे उतरे हैं। उनका अनुभव और ऑलराउंड क्षमता टीम के लिए फायदेमंद है। पटेल ने राशिद खान को एक उत्कृष्ट गेंदबाज बताया। उन्होंने कहा कि राशिद चोट के बाद वापसी कर बेहतर करने की कोशिश में हैं।