प्रदेश सरकार की ओर से 4000 से अधिक गेस्ट टीचर्स को हटाए जाने का नोटिस जारी होने के बाद शनिवार को प्रदेश भर में उनके समर्थन में प्रदर्शन किया गया। कहीं बच्चों के साथ अभिभावकों ने प्रदर्शन किया तो कहीं ग्रामीणों ने स्कूलों में ताला जड़कर गेस्ट टीचर्स की नौकरी बचाने की मांग की।
कई जिलों में गेस्ट टीचर्स ने भी बच्चों सहित प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश के शिक्षामंत्री राम बिलाश शर्मा और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ नारेबाजी की गई। कई सामाजिक संगठनों ने भी प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की और कहा कि भाजपा को गेस्ट टीचर्स को एडजस्ट करने का रास्ता निकालना चाहिए।
हिसार, पानी, भिवानी, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर सहित कई जिलों में स्कूलों में ताला जड़कर प्रदर्शन किया गया, यहां छात्रों ने भी गेस्ट टीचर्स को हटाने का विरोध किया। सिरसा में प्रदेश के शिक्षा निदेशक टीसी गुप्ता का पुतला फूंका गया।
गेस्ट टीचर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता धरमबीर कौशिक ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि गेस्ट टीचर्स को पक्की नौकरी दी जाएगी लेकिन अब सरकार अपने वादे से मुकर रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को हम हरियाणा के केंद्रीय मंत्रियों के घरों का घेराव करेंगे।
इनमें केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, राव इंद्रजीत सिंह और जनरल वीके सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक तरफ तो हरियाणा के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि हम गेस्ट टीचर्स को बचाने की पूरी कोशिश करेंगे और दूसरी तरफ उन्हें हटाने का आदेश जारी कर रहे हैं। गौर हो कि गत दिन हरियाणा शिक्षा विभाग ने गेस्ट टीचर्स को 24 घंटे में हटाने का नोटिस जारी किया था।