बच्ची के पेट में दर्द था। डाक्टरों ने जब बच्ची का ऑपरेशन किया तो पेट में कुछ ऐसा निकला, डाक्टर अवाक रह गए। वह डेढ़ किलोग्राम बालों का गुच्छा था। डॉक्टर रमेश डूडी ने सफलतापूर्वक बालों का गुच्छा निकालकर बच्ची को नया जीवन दान दिया।
सिरसा में इस प्रकार का यह पहला केस है जिसका सफल ऑपेशन हुआ है।
जानकारी के अनुसार गांव नटार निवासी 11 वर्षीय ममता रानी को काफी समय से पेट में दर्द की शिकायत थी। उसके परिजन उसे लाल बत्ती चौक स्थित एक हॉस्पिटल में लेकर आए। डॉक्टर रमेश डूडी ने बच्ची की जांच की तो उसके पेट के एक तरफ बालों का बड़ा गुच्छा दिखाई दिया।
डॉक्टर डूडी ने बताया कि ऐसे में बच्ची का ऑपरेशन करना जल्द जरूरी था। शुक्रवार को उन्होंने बच्ची का ऑपरेशन करके पेट से डेढ़ किलोग्राम बालों का गुच्छा निकाला।
इस जोखिम भरे ऑपरेशन को सफलता पूर्वक अंजाम देने में डॉक्टरों की टीम को दो घंटे लगे। डॉक्टर रमेश डूडी ने बताया कि अगर समय पर ऑपरेशन नहीं किया जाता तो बच्ची कुपोषण और पेट से जुड़े गंभीर रोग का शिकार हो जाती। सफल ऑपरेशन के बाद बच्ची के परिजनों ने डॉक्टर रमेश डूडी और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। परिजनों ने बताया कि ममता को बाल खाने के आदत थी।