चंडीगढ़। केंद्र सरकार के जीएसटी रिफॉर्म्स से रोजमर्रा की चीजों की कीमतें कम होंगी और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब कई लाइफ सेविंग दवाओं पर 12 प्रतिशत टैक्स हटाकर शून्य कर दिया गया है। सेक्टर-33 भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष जितेंदर पाल मल्होत्रा ने बताया कि रोजमर्रा की वस्तुएं जैसे दवाइयां, खाद्य पदार्थ और इलेक्ट्रिक वाहन या तो शून्य प्रतिशत या 5 प्रतिशत टैक्स स्लैब में आ गए हैं। शिक्षा केंद्र के लिए भी राहत मिली है क्योंकि स्टेशनरी जैसे नोटबुक, एक्सरसाइज बुक और पेंसिल पर टैक्स हटाया गया है।
एसोचैम अध्यक्ष राकेश भल्ला ने कहा कि इस सुधार से गरीब, अमीर और कृषि क्षेत्र सभी को लाभ मिलेगा। ट्रैक्टर पार्ट्स, सिंचाई उपकरण, हॉर्टिकल्चर और फॉरेस्ट्री मशीनरी पर टैक्स घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। जीएसटी कमेटी अध्यक्ष संजय टंडन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार 12 प्रतिशत स्लैब में आने वाली 90 प्रतिशत वस्तुएं अब 5 प्रतिशत या शून्य पर आ गई हैं। पनीर, दूध और ब्रेड पर पहले 5-18 प्रतिशत टैक्स था, अब इसे पूरी तरह खत्म कर शून्य कर दिया गया है।