देशभर में बेशक एक टैक्स ‘जीएसटी’ लागू हो गया हो लेकिन शहर के ऑटोमोबाइल सेक्टर में इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हो सकी है। कार कंपनियों में रेट कम या बढ़ने को लेकर हेड आफिस से कोई आधिकारिक सूचना न आने पर अधिकतर कार कंपनियों में पहली जुलाई को कोई सेल नहीं हुई।
वहीं दोपहिया कंपनियों में हीरो मोटोकार्प, होंडा प्लेटिनम समेत कई अन्य शोरूम में भी कोई सेल नहीं हुई। हीरो ने तो अपने शोरूम में सिस्टम अपग्रेड करने को लेकर पहले दिन शोरूम में सेल बंद ही रखी। वहीं जो शोरूम खुले थे उनके कर्मियों के अनुसार कस्टमर और दिन के मुकाबले कम ही आए, लेकिन वाहन की सेल नहीं हुई।
फोर्ड एबी मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के डीजीएम मुनीष शर्मा के अनुसार पहले दिन जीएसटी लागू होने के बाद कारों की कीमत में अंतर आना है। इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट निर्देश नहीं आए हैं। कीमतें कम या ज्यादा होने को लेकर स्थिति सोमवार तक ही स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि उनके अनुसार कंपनी के कुछ मॉडल्स कम होने की संभावना है। वहीं होंडा कार के जीएम सेल्स मनोज कौशल के अनुसार अभी वह कीमतों के कम या अधिक होने को लेकर कुछ नहीं कह सकते। शनिवार तक कार के सभी मॉडल्स की जीएसटी लागू होने के बाद की प्राइज लिस्ट नहीं आई है। इसमें कैल्कुलेशन में वक्त लगेगा। सोमवार तक लिस्ट आने के बाद ही कीमतों के दाम बढ़ने या कम होने को लेकर कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल उससे पहले कंपनी किसी भी कार की सेल नहीं कर रही है।
एक्टिवा सस्ती तो बुलेट महंगी
दोपहिया वाहनों में होंडा की बाइक में जहां 700 से 800 रुपये और स्कूटी की कीमतों में 600 से 650 रुपये तक घटने की उम्मीद है। होंडा प्लेटिनम के सेल्स आफिसर के अनुसार अभी कीमतें फाइनल नहीं है, लेकिन 150 सीसी तक अधिकतम हजार रुपये कम होने की संभावना है। जबकि 250 सीसी से ऊपर की बाइकों पर 3500-4000 रुपये तक कम होने की उम्मीद है। वहीं हीरो के टू व्हीलर्स में भी 500 से हजार रुपये तक कम होने की संभावना है। वहीं 350 सीसी से अधिक इंजन वाले दोपहिया जैसे रॉयल एनफिल्ड, इंडियन, हार्ले-डेविडसन जैसी कंपनियों की बाइक्स महंगी होंगी।