पंजाब में भूजल घातक बनता जा रहा है। कई जिलों में भूजल के गुणवत्ता की स्थिति चिंताजनक हो चुकी है जो कैंसर का कारण बन रही है। प्रदेश के कई इलाकों में भूजल सेवन करने योग्य नहीं रहा है। भूजल में घातक धातु का मिश्रण पाया जा रहा, जो कैंसर का बड़ा कारण है।
यह जानकारी केंद्रीय राज्य जल शक्ति मंत्री राज भूषण चौधरी ने संसद में जालंधर के नवनिर्वाचित सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के सवाल पर दी है।
केंद्रीय राज्य जल शक्ति मंत्री ने एक रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि पंजाब के ज्यादातर जिलों का भूजल अब पीने योग्य नहीं रहा। मंत्री के मुताबिक भूजल के नमूनों में नाइट्रेट, आयरन, आर्सेनिक, सेलेनियम, क्रोमियम, मैगनीज, निकल, कैडमियम, लेड और यूरेनियम जैसे खतरनाक तत्वों की मिलावट देखी गई।
यहां तक कि गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ द्वारा पिछले दिनों किए गए शोध में भी यह बात साबित हुई है। रिपोर्ट के अनुसार जहरीले तत्वों की मौजूदगी से स्वास्थ्य को गंभीर खतरा है। इसमें यूरेनियम, लेड, निकल और मैगनीज के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों पर जोर दिया गया है। इस समस्या का जल्द समाधान जरूरी है, नहीं तो पंजाब बड़ी समस्याओं से घिर सकता है।