उचाना कलां में बारात लेकर पहुंचा एक दूल्हा जांच में साढ़े 19 वर्ष का निकला। शादी की उम्र नहीं होने के कारण प्रशासन ने शादी रुकवा दी और दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। प्रशासन ने दोनों पक्षों से उम्र पूरी होने के बाद शादी करने का लिखित में आश्वासन लिया।
जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय को सूचना मिली कि गांव उचाना कलां में सोनीपत के गोहाना से बारात आई हुई। इसमें जो दूल्हा है, उसकी उम्र शादी करने की नहीं हुई है। सूचना मिलते ही सहायक बाल विवाह निषेध अधिकारी रवि लोहान, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, महिला कांस्टेबल रेनू उचाना मंडी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो पाया कि लड़के की बारात आने वाली है और डीजे बज रहा था। कुछ ही देर बाद बारात आ गई।
इसके बाद टीम ने लड़के के जन्म से संबंधित कागजात मांगे तो बारात में हड़कंप मच गया। मौके पर लड़का पक्ष ने जो कागजात दिखाए, उसमें लड़के की उम्र साढ़े 19 वर्ष मिली और लड़की की उम्र 19 वर्ष मिली। इस पर टीम ने शादी नहीं करने के लिए दोनों पक्षों को समझाया और बताया कि लड़के के 21 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद ही उसकी शादी करें अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस पर दोनों परिवार सहमत हो गए और शादी को स्थगित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने लिखित बयान दर्ज करवाए कि लड़के के माता-पिता अनपढ़ हैं और उनको किसी तरह के कानून की जानकारी नहीं होने के कारण वह गलती से ऐसा कर रहे थे लेकिन अब वह अपने लड़के की उम्र 21 वर्ष होने पर ही शादी करेंगे। इसके बाद गोहाना से आई बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।