जगतपुरा में सवा तीन करोड़ की लागत से नया पुल बनाया जाएगा। यह आठ महीनों में तैयार हो जाएगा। इसका लेवल हाई और पुराने पुल से ज्यादा चौड़ा होगा।
यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर टीपीएस सिद्धू ने बुधवार को जगतपुरा में हालात का जायजा लेने के बाद दी। पीडब्ल्यूडी ने पुराना पुल टूटने के बाद नए पुल के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये का एस्टिमेट तैयार कर सरकार को भेजा था। सरकार ने नए पुल के लिए सवा तीन करोड़ रुपये पास किए हैं।
डीसी सिद्धू ने अधिकारियों को हिदायत दी कि नए हाई लेवल पुल का काम फौरन शुरू करें। जगतपुरा में बना पुल करीब पचास साल पुराना था। इसके पिलर में दरारें आ गई थीं।
उन्होंने लोगों को खस्ताहाल पुल से न गुजरने की अपील की है। साथ ही अधिकारियों को इस पुल पर आवाजाही पूरी तरह बंद करने के निर्देश दिए है।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से कहा कि वे नाले पर बनाए गए अस्थाई रास्ते पर लगातार नजर रखें। इसके अलावा गांव जगतपुरा के लोगों की सहूलियत के लिए गुरु नानक कालोनी में बने पुल की मरम्मत भी कराई जाएगी।
उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को मौके पर ही हिदायतें दीं। इस मौके एसडीएम लखमीर सिंह, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन एनआईएस वालिया और तहसीलदार संजीव कुमार भी मौजूद थे।