हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री कर्णदेव काम्बोज ने कहा है कि जरूरतमंद एवं गरीब लाभार्थियों को खाद्यान्न उपलब्ध करवाने के लिए चार रंगों के राशन कार्ड बनाए जाएंगे ताकि उन्हें राशन प्राप्त करने में आसानी हो सके।
काम्बोज ने बताया कि प्रदेश के लाभार्थियों को पांच भागों में बांटा गया है। इनमें गरीबी रेखा से ऊपर (एपीएल), अन्य प्राथमिक घरेलू (ओपीएच), राज्य गरीबी रेखा से नीचे (एसबीपीएल), केन्द्रीय गरीबी रेखा से नीचे (सीबीपीएल) और अन्तोदय अन्न योजना (एएवाई) श्रेणियां शामिल हैं। इन सभी श्रेणियों के कुल 83 लाख कार्ड बनाये जाएंगे।
राज्यमंत्री ने बताया कि एपीएल श्रेणी के लोगों के राशन कार्डों का रंग हरा होगा, जिसके लिए 42 लाख लोगों के कार्ड बनाए जाएंगे। इसी प्रकार, ओपीएच श्रेणी के लोगों के खाकी रंग के कार्ड होंगे, जिनके लिए 24 लाख लोगों के राशन कार्ड बनेंगे।
एसबीपीएल के 5.50 लाख और सीबीपीएल के 7.50 लाख लोगों के पीले रंग के राशन कार्ड बनाए जाएंगे जबकि अन्तोदय अन्न योजना के 4 लाख लाभार्थियों के लिए गुलाबी कार्ड होंगे।