नर्सों की कमी से जूझ रहे पीजीआई चंडीगढ़ में जल्द ही नए स्टाफ की भरती होगी। पीजीआई ने 78 नए नर्सिंग आफिसर की भरती की स्वीकृत दे दी है। इन पदों के भरती के लिए विज्ञापन भी प्रकाशित कर दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार 22 नवंबर तक इसके लिए अपने आवेदन कर सकते हैं। पीजीआई में नर्सों की भारी कमी है।
पीजीआई में जिस तरह से बिल्डिंगों का विस्तार हो रहा है, उसके अनुपात के मुताबिक नर्सों की संख्या में भारी कमी है। मौजूदा समय में पीजीआई के पास करीब 2572 नर्सों की पोस्ट हैं। इनमें से करीब 2300 नर्सें काम कर रही हैं, जबकि 1500 नई नर्सों की जरूरत है। हालांकि इनका प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन अभी तक मिनिस्ट्री ने इसे पास नहीं किया गया है।
पीजीआई नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सतवीर सिंह डागर का कहना है कि पीजीआई विस्तार तो करता जा रहा है, मगर नर्सिंग स्टाफ की संख्या पर ध्यान नहीं दे रहा। पहले स्टाफ पूरा करना होगा, तभी विस्तार सक्सेसफुल हो पाएंगे। उनका कहना है कि नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति का फैसला अच्छा है, लेकिन जब तक डिपार्टमेंटल प्रमोशन नहीं होंगे, तब तक नर्सों की कमी को पूरा नहीं किया जा सकता।
उनके मुताबिक पीजीआई में सीनियर नर्सिंग आफिसर की 120 पोस्ट, असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट की 25 और डिप्टी नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट की 15 पोस्टें खाली हैं। यह सब पोस्टें प्रमोशन के आधार पर भी भरी जा सकती हैं। इस बारे में कई बार डायरेक्टर को अवगत कराया जा चुका है।