हरियाणा राज्य कर्मचारी चयन आयोग द्वारा लिपिक (क्लर्क) पद के लिए होने वाली परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हरियाणा के 17 जिलों के अंर्तगत 27 स्थानों पर यह परीक्षा 21, 22 व 23 सितंबर को होगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद है।
खास बात यह कि पहली बार उम्मीदवार के चेहरे की पहचान (फेशियल रिक्गनीशिन) से की जाएगी, ताकि जिसका एडमिट कार्ड हैं वही इस परीक्षा में बैठ सकें। हरियाणा राज्य कर्मचारी चयन आयोग की सचिव ईशा कंबोज ने बताया कि चेहरे की पहचान (फेशियल रिक्गनीशिन) प्रक्रिया के साथ-साथ उम्मीदवार अपने साथ परीक्षा केंद्र में दो पासपोर्ट साइज की फोटो भी लाएं।
इसके अलावा, उम्मीदवारों की फिंगर बायोमिट्रिक व एडमिट कार्ड का क्यूआर कोड भी स्कैन होगा।
आयोग की सचिव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कमरे में सीसीटीवी लगा दिए गए हैं और आयोग के मुख्यालय पर इसकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है और इसके लिए लाइव स्ट्रीमिंग की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, परीक्षा के दौरान प्रत्येक उम्मीदवार की वीडियोग्राफी और आयोग की टीम के अलावा पुलिस द्वारा तलाशी भी ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन जिलों में यह परीक्षा आयोजित होनी है, उन जिलों के प्रशासन को सरकार व आयोग द्वारा दिशा निर्देश जारी किए गए हैं ताकि इस परीक्षा को पारदर्शी तरीके से आयोजित करवाया जा सकें। इसके अलावा, प्रत्येक केन्द्र में आयोग का एक प्रतिनिधि उपस्थित होगा और प्रत्येक जिला के लिए 7 से 8 उड़नदस्तों का गठन आयोग द्वारा किया गया है, ताकि परीक्षा के दौरान निरीक्षण किया जा सकें।
सचिव ने बताया कि यह परीक्षा राज्य के 27 स्थानों पर आयोजित करवाई जा रही जिसमें 17 जिले और 10 उपमंडल शामिल है। उन्होंने बताया कि राज्य में इस परीक्षा को आयोजित करवाने के लिए 1059 केन्द्र बनाए गए हैं जिनमें 15 लाख 7 हजार उम्मीदवार परीक्षा देंगें और एक शिफट दौरान लगभग तीन लाख उम्मीदवार परीक्षा में भाग लेंगे।
21 सितंबर को यह परीक्षा सायं 4.30 से 6.00 बजे के बीच होगी, जबकि 22 व 23 सितंबर को सुबह 10.30 बजे से 12.00 बजे के बीच और सांय 3.00 बजे से 4.30 बजे के बीच होगी। उम्मीदवारों को इस परीक्षा के शुरू होने से एक घंटा पहले अपने निर्धारित केंद्र में उपस्थित होना होगा और उनका प्रवेश शुरू हो जाएगा।