चंडीगढ़। औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित भगवती क्रॉकरी स्टोर के शोरूम व गोदाम में शनिवार सुबह तारों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। गोदाम में प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग इतनी तेजी से बढ़ी कि उसे बुझाना मुश्किल हो गया। देखते-देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा इलाका धुएं के से भर गया। सूचना पाकर दमकल विभाग गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल की छह गाड़ियों ने कुल 30 चक्कर लगाए। कड़ी मशक्कत के बाद करीब 7 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक गोदाम व शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में प्लॉट नंबर-401 में बने शोरूम में भूमि तल पर भगवती क्रॉकरी स्टोर है और पहली मंजिल पर गोदाम है।
शनिवार सुबह करीब दस बजे संचालक अपने कर्मचारियों के साथ शोरूम पहुंचे और शटर खोला तो देखा कि बिजली नहीं है। इसके बाद संचालक ने छत पर रखे जनरेटर को नीचे से ऑन कर दिया, जिसके स्टार्ट होते ही शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी निकलकर गोदाम में सामान पर जा गिरी और आग लग गई। जैसे ही मालिक व कर्मचारियों ने धुआं देखा, आग बुझाने के प्रयास में जुट गए लेकिन प्लास्टिक का सामान होने के चलते आग काफी बढ़ गई।
सूचना पाकर रामदरबार फायर स्टेशन से दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझानी शुरू कर दी। दमकल कर्मियों ने बिजली का कनेक्शन काटकर कार्रवाई शुरू की लेकिन दोनों गाड़ियों का पानी खत्म हो गया। इसके बाद इंडस्ट्रियल एरिया फेज-वन के फायर स्टेशन से दो अन्य गाड़ियां बुलाई गईं लेकिन आग और भड़क उठी और पूरे इलाके में धुआं फैल गया। दमकल की गाड़ियां बार-बार चक्कर लगाती रहीं। इस बीच राम दरबार फायर स्टेशन में पानी खत्म हो गया। इसके बाद गाड़ियां सेक्टर-32 के फायर स्टेशन से पानी लेकर आने लगीं।
जान पर खेलकर छत पर पहुंचे दमकलकर्मी, तब बुझी आग
शोरूम में पहले फ्लोर तक पहुंचने के लिए कोई अन्य रास्ता नहीं था, जिसके चलते दमकल कर्मियों ने प्लॉट के पीछे बनी फैक्टरी में पीछे की दीवार को क्रेन की मदद से तोड़कर वहां से आग बुझानी शुरू की। गोदाम में ऊपर कहीं भी हवा निकलने की भी जगह नहीं थी, जिस कारण आग लगने वाली जगह तक पानी ही नहीं पहुंच रहा था। दमकल कर्मियों ने जान पर खेलते हुए पड़ोसियों की छत से ऊपर पहुंचकर गोदाम की टीन वाली छत तोड़कर पानी की बौछारें मारनी शुरू कीं। सड़क की ओर से भी शोरूम की दीवार तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। इस बीच आग भूमि तल की ओर बढ़ती जा रही थी। ऐसे में शोरूम को खाली करवाना शुरू किया। करीब सात घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
एक सप्ताह पहले ही दिया गया था नोटिस
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि कुछ दिन पहले ही इस शोरूम पर निरीक्षण किया गया था। मालिक के पास अग्नि सुरक्षा संबंधी एनओसी नहीं थी। शोरूम में आग बुझाने का कोई उपकरण भी नहीं था। इस कारण करीब एक सप्ताह पहले शोरूम मालिक को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद शोरूम मालिक ने अग्निशमन उपकरण मंगवा लिए थे लेकिन उन्हें अभी लगवाया नहीं था। अग्निशमन उपकरण भी आग की चपेट में आने से जल गए।