पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन से चक्की कवारी की ओर बजरी लेने जा रही मालगाड़ी का इंजन पठानकोट-कुल्लू नेश्नल हाइवे पर एबी कॉलेज के पास पटरी से उतर गया। कुल्लू-पठानकोट मार्ग के बीचों-बीच फाटक पर मालगाड़ी के खड़ा होने के चलते 2 घंटे तक सड़क यातायात अवरुद्ध रहा। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
मालगाड़ी को सिटी स्टेशन से भेजे गए अन्य इंजन के साथ फाटक से हटाया गया। सड़क पर 2 घंटे ट्रैफिक व्यवस्थित नहीं हो पाया। उसके बाद 12 बजे के करीब पठानकोट से रिलीफ ट्रेन को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।
इसके बाद डेढ़ बजे के करीब लूकस-1 (एक तरह का जैक) की सहायता से इंजन को ट्रैक पर लाया जा सका, जिसके बाद ट्रैक को आवागमन के लिए साफ किया गया। सारे घटनाक्रम में साढे़ तीन घंटे का समय लग गया।
स्टेशन मास्टर चंद्रमोहन ने बताया मालगाड़ी सिटी पठानकोट स्टेशन से चक्की कवार की ओर बजरी लेने के लिए 10 बजे के करीब निकली थी। करीब सवा दस बजे के मालगाड़ी के 2 इंजनों से एक पठानकोट-कुल्लू मार्ग पर स्थित रेलवे क्रासिंग फाटक के बीच में ही पहुंची थी।
इस बीच आगे वाला इंजन पटरी से उतर गया। इस पर ट्रेन के चालक और गार्ड ने मामले की सूचना स्टेशन पर दी। इसके बाद दूसरा इंजन भेजा और रिलीफ ट्रेन भेजी गई।