चंडीगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत शहर में शनिवार सुबह 11 बजे एक लाख टीके की खेप पहुंच जाएगी। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के पास 2 दिन का स्टॉक अब भी उपलब्ध है। डॉ. कंग का कहना है कि एक मई से 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों को टीका लगना शुरू हो जाएगा, इसलिए जल्द टीका लगवाकर खुद को संक्रमण से बचाव के लिए सुरक्षित कर लें। शहर में अब तक 166035 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है।
शुक्रवार को शहर के 65 केंद्रों पर 4889 लाभार्थियों ने टीका लगवाया। 45 साल से ज्यादा उम्र के 2055 लाभार्थियों ने टीके की पहली खुराक लगवाई। 130 स्वास्थ्य कर्मियों को पहली व 182 को दूसरी खुराक लगाई गई। वहीं, अग्रिम पंक्ति के 111 कर्मचारियों को पहली व 200 को दूसरी खुराक लगाई गई। 45 से 60 साल के बीच के 2055 लाभार्थियों ने पहली खुराक लगवाई, वहीं 45 से 60 साल के बीच के गंभीर रूप से बीमार 252 लाभार्थियों को दूसरी खुराक लगाई गई। 60 साल से ऊपर के 816 लाभार्थियों ने पहली व 1143 ने दूसरी खुराक लगवाई।
आज यहां कराएं कोरोना जांच
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क कोरोना स्क्रीनिंग के लिए चलाई जा रही मोबाइल टीम शनिवार को सेक्टर-17 बस स्टैंड, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर मौलीजागरां व मलोया, हल्लोमाजरा, जिएमएचएस 49, कंटेनमेंट क्षेत्र, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन और एसडीएम सेंट्रल के नेतृत्व में कंटेन्मेंट जोन में रहेगी। टीम सुबह 9.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक मौके पर कोरोना जांच के लिए नमूना लेगी।