अब महेंद्रगढ़ के लोग सवा घंटे में दिल्ली पहुंचेंगे। ट्रैक पर गाड़ियों की स्पीड बढ़ाने के लिए कार्य शुरू हो गया है। ट्रैक तैयार होने के बाद रेवाड़ी से बीकानेर रेल लाइन पर गाड़ी 110 किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ेगी।
केंद्र सरकार से गाड़ियों की स्पीड बढ़ाने की अनुमति मिल चुकी है और इसके लिए बीकानेर मंडल ने ट्रैक पर कार्य भी शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बीकानेर से रेवाड़ी ट्रैक की स्पीड बढ़ाने के संबंध में केंद्रीय रेलमंत्री ने मंजूरी दे दी है और उस पर काम भी शुरू हो गया। यह कार्य पिछले 15 दिनों से रेवाड़ी से शुरू कर दिया गया जो अब महेंद्रगढ़ तक पूरा हो चुका है। करीब 15 दिन बाद लुहारु तक ट्रैक पर गाड़ी की रफ्तार बढ़ाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
इस समय 0932सीएसएम मशीन से ट्रैक पर पड़ी रोड़ियों को कंपन दी जा रही है ताकि वे पटरियों को ठीक रख सके। वहीं एक डीसीएस से पटरियों पर स्टेबलाइजेशन का कार्य हो रहा है। अभी इस कार्य को पूरा होने में समय लगेगा। ट्रैक पर काम पूरा हो जाने के बाद गाड़ी 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी।
क्षेत्रवासियों के लिए होगा फायदा
क्षेत्र के बहुत से यात्री दिल्ली से दुकानों का सामान लेने जाते हैं। एक्सप्रेस गाड़ी से उन्हें दिल्ली से आने जाने में लगभग छह घंटे लग जाते हैं। इस ट्रैक पर गाड़ियों की रफ्तार बढ़ने पर लोगों के समय की बचत होगा।
महेंद्रगढ़ से दिल्ली वाया रेवाड़ी करीब 130 किलोमीटर पड़ता और एक्सप्रेस गाड़ी से दिल्ली जाने में लगभग ढाई से तीन घंटे लगते हैं। ट्रैक की स्पीड बढ़ने पर क्षेत्र के लोग मात्र सवा घंटे में दिल्ली पहुंच जाएंगे। यानि स्पीड बढ़ने से यात्रियों के आने जाने की चार घंटे की बचत होगी । इतने घंटों में वे आराम से अपनी खरीददारी कर सकेंगे।
दैनिक रेलयात्री संघ महेंद्रगढ़ के सचिव रामनिवास पाटोदा ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा इस ट्रेक की स्पीड बढ़ना एक सराहनीय कार्य है। वे उनके इस फैसले से काफी खुश हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रेक पर स्पीड बढ़ने से यहां के निवासियों को निश्चित रूप से फायदा होगा। खासतौर पर उन लोगों को जो हर रोज रेवाड़ी, बावल, गुड़गांव नौकरी करने के लिए जाते हैं।
इस संबंध में सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने बताया कि रेवाड़ी से बीकानेर ट्रैक पर गाड़ियों की स्पीड बढ़ाने के लिए ट्रैक पर कार्य चल रहा है और यह कार्य पिछले कुछ दिनों से रेवाड़ी से शुरू होगा। इसके पूरा हो जाने के बाद इस ट्रैक पर गाड़ियां 110 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ सकेंगी।
बीकानेर रेलवे मंडल के पीआरओ पीआर कुमावत ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। हो सकता है रुटीन वर्क चल रहा है लेकिन इस तरह ही प्रोसीडर में अभी काफी वक्त लगेगा।