बीएसएनएल ने नई स्कीम लॉन्च की है। इनमें रात में किसी भी नेटवर्क पर फ्री कॉल की सुविधा और रोमिंग फ्री स्कीम होगी। इससे बीएसएनएल के उपभोक्ताओं को अब देशभर में रोमिंग पर इनकमिंग कॉल का कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा।
सोमवार को सेक्टर-34 स्थित बीएसएनएल के सर्किल कार्यालय में मुख्य महाप्रबंधक टेलीकॉम (सीजीएम) आरसी हुड्डा ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।
सीजीएम हुड्डा ने बताया कि ये स्कीम मोबाइल और लैंडलाइन दोनों उपभोक्ताओं की जरूरतों के हिसाब से बनाई गई है। इनमें प्रति सेकंड प्लान, प्रमोशनल टॉप अप स्कीम, मोबाइल यूजर्स के लिए दोस्तों और परिवार के सदस्यों के लिए खास स्कीम, कुछ खास टॉप अप पर 50 एमबी डाटा फ्री, नाइट अनलिमिटेड फ्री कॉल (9 से सुबह 7 तक) जैसी स्कीम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि बीएसएनएल अब पंजाब के छूटे हुए क्षेत्रों को कवर करेगा। इसके तहत पंजाब की 6 हजार ग्राम पंचायत को शामिल किया जाएगा। इन ग्राम पंचायत को हाईटेक बनाया जाएगा। यहां लैंड लाइन, हाईस्पीड ब्राडबैंड और मोबाइल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।