31 मार्च,
2016 तक के शैक्षिक सत्र के दौरान रिटायर होने वाले अध्यापकों के लिए गुड
न्यूज, सरकार ने कार्यकाल बढ़ाने का फैसला किया है।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा है कि शिक्षा विभाग ने 31 मार्च, 2016 तक के शैक्षिक सत्र के दौरान रिटायर होने वाले अध्यापकों को फिर से नियुक्ति देने का फैसला किया है। यह अध्यापक तब तक नौकरी में बने रहेंगे, जब तक नए अध्यापकों की भर्ती नहीं हो जाती।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह निर्णय इसलिए लिया गया है, ताकि सत्र के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इस संबंध में एक नोटिफिकेशन जारी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड के रिटायर होने वाले प्रिंसिपल, हेडमास्टरों, मास्टरों, सीएंडवी अध्यापकों, हेड टीचरों और जेबीटी अध्यापकों को जरूरत के अनुसार एक महीने के एडवांस अप्रूवल के साथ फिर से नियुक्ति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल, हेडमास्टर और लेक्चरर के मामले संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से निदेशक सेकेंडरी एजुकेशन को भेजे जाएंगे।
निदेशक अपने स्तर पर प्रत्येक मामले को देखकर फैसला लेंगे। मास्टर और सीएंडवी टीचरों के केस संबंधित संस्थान के प्रमुख (प्रिंसिपल या हेडमास्टर) द्वारा संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी को भेजे जाएंगे, जो निदेशक एलीमेंट्री शिक्षा की सूचना के अनुरूप प्रत्येक केस में अपने स्तर पर फैसला लेंगे।
जेबीटी अध्यापकों और हेड टीचरों के मामले में, संबंधित ब्लाक एजुकेशन अधिकारी प्रत्येक केस को जिला एलीमेंटर एजुकेशन अधिकारी के पास भेजेंगे, जो निदेशक एलीमेंट्री शिक्षा की सूचना के अनुरूप अपने स्तर पर फैसला लेंगे। शिक्षा मंत्री ने बताया कि रिटायर अध्यापकों की पुन: नियुक्ति के लिए उनके तीन साल के सर्विस रिकार्ड और मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट पर विचार किया जाएगा।