सिटी ब्यूटीफुल के हाई प्रोफाइल क्लबाें में से एक चंडीगढ़ गोल्फ क्लब की कार्यकारिणी के चुनाव रविवार को होंगे। मतदान सुबह 11.30 बजे से शुरू होगा और शाम पांच बजे तक चलेगा। प्रधान पद के परिणाम सोमवार को सुबह 12 बजे तक आएंगे। वहीं शाम तक एग्जीक्यूटिव कमेटी के लिए चुनाव लड़ रहे सदस्यों के परिणाम आ जाएंगे। गोल्फ क्लब के प्रधान पद के लिए रवि विर्क और रवि बीर ग्रेवाल आमने सामने हैं। साथ ही क्लब की एग्जीक्यूटिव कमेटी के 11 पदाें के लिए 22 उम्मीदवार मैदान में हैं। बता दें कि चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में 2000 से अधिक सदस्य हैं, लेकिन मतदान का अधिकार सिर्फ 1800 स्थायी सदस्यों के पास ही होता है।
ये हैं प्रमुख मुद्दे :
इस बार गोल्फ क्लब के चुनाव का मुख्य मुद्दा लीज मनी का है, इसके साथ ही क्लब में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, जूनियर गोल्फ नर्सरी, ग्रीन गोल्फ कोर्स, खेल और कैटरिंग से जुड़े मुद्दे चुनाव छाए रहे हैं।
ये हाई प्रोफाइल लोग भी हैं सदस्य :
इनमें मिल्खा सिंह, जीव मिल्खा सिंह, कैप्टन अमरिंदर सिंह, राजा मालविंदर सिंह, रानी परनीत कौर, प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल जैसे हाई प्रोफाइल नेताओं के अलावा कई रिटायर्ड कर्नल, रिटायर्ड जनरल, प्रिंसिपल सेक्रेटरी, ब्यूरोक्रेट्स, लेफ्टिनेंट जनरल, इंडस्ट्रियलिस्ट और नामी बिजनेसमैन भी शामिल हैं। हर बार की तरह इस बार भी गोल्फ क्लब चुनाव अपने हाई प्रोफाइल मेंबर्स के कारण सुर्खियाें में रहने वाला हैं।
रवि बीर सिंह ग्रेवाल हैं मौजूदा कार्यकारी प्रधान :
क्लब के निवर्तमान कार्यकारी प्रधान रवि बीर सिंह ग्रेवाल है। पिछले साल आईपीएस मान और डॉ. अवतार सिंह के बीच प्रधान पद के लिए मुकाबला हुआ था। जिसमें आईपीएस मान 582 वोटाें से जीते थे। जीत के कुछ महीने बाद ही आईपीएस मान का देहांत हो गया था। जिसके बाद रवि बीर को गोल्फ क्लब का कार्यकारी प्रधान नियुक्त किया गया था।