एक जनवरी को करीब 78000 रुपये था दाम
पिछले 77 दिन में सोना करीब 13 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हुआ है। 1 जनवरी को सोना करीब 78000 रुपये था। आंकड़ों पर गौर करें तो इस साल 1 से 31 जनवरी तक सोना 7 हजार रुपये प्रति तोला महंगा हुआ। फरवरी तक महज 2 हजार रुपये ही भाव चढ़ा। हालांकि इस दौरान पूरे महीने सोने के दाम में काफी ज्यादा उतार-चढ़ाव लगा रहा। 1 से 18 मार्च तक सोने का भाव करीब 4500 रुपये तक बढ़ा है।
चंडीगढ़ में लगातार भाव बढ़ने के बाद भी पिछले एक साल में सोने और चांदी की खरीददारी में 20 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछले कई दिनों शेयर बाजार में रही गिरावट के बाद सबसे ज्यादा निवेश सोने और चांदी में हुआ है। कारोबारियों का कहना है कि इस समय लोग गहनों से भी ज्यादा ठोस सोने में निवेश कर रहे हैं।
चांदी भी एक लाख रुपये के पार पहुंची
चांदी का भाव भी 1 लाख 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। दिवाली के बाद यह तीसरा मौका है जब चांदी एक लाख रुपये किलो तक पहुंची है। सबसे पहले धनतेरस के समय चांदी का भाव एक लाख के पार पहुंचा था। ऑल इंडिया बुलियन एसोसिएशन के सदस्य राहुल गुप्ता का कहना है कि इस बार चांदी का भाव साल के अंत तक करीब 1 लाख 25 हजार रुपये तक पहुंच सकता है।