चंडीगढ़। केंद्र सरकार की ओर से सोने और चांदी पर प्रभावी इंपोर्ट ड्यूटी 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी किए जाने के बाद शहर के सर्राफा बाजार में भारी उछाल देखने को मिला है। चंडीगढ़ में सोने के दामों में एक झटके में करीब 10 हजार रुपये की तेजी दर्ज की गई है, जिससे ग्राहकों और कारोबारियों दोनों में हलचल बढ़ गई है।
शाम ज्वेलर्स के मालिक गगन खुराना ने बताया कि जो सोना पहले करीब 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा था, वह अब बढ़कर लगभग 1.65 लाख रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि इतनी तेजी आम ग्राहकों की जेब पर असर डालेगी लेकिन फिलहाल सोने की मांग बनी रहने की उम्मीद है। हालांकि ड्यूटी बढ़ने के बाद कालाबाजारी की आशंका भी बढ़ सकती है। सर्राफा व्यापारियों के अनुसार अब ग्राहकों को प्रति 10 ग्राम सोने पर करीब 27 हजार रुपये टैक्स के रूप में चुकाने होंगे जबकि पहले यह राशि करीब 13,500 रुपये थी। कारोबारियों के मुताबिक ऊंची कीमतों के चलते ग्राहक अब भारी गहनों की बजाय हल्के आभूषण खरीदना पसंद करेंगे। साथ ही पुराने सोने के बदले नया सोना लेने का चलन भी बढ़ सकता है। सुंदर ज्वेलर्स के मालिक महेंद्र खुराना ने कहा कि शादी-ब्याह जैसे जरूरी अवसरों पर खरीदारी जारी रहेगी, लेकिन सामान्य निवेश और शौकिया खरीदारी में कमी आ सकती है। उन्होंने कहा कि कीमतों में बड़े उतार-चढ़ाव के बीच ग्राहक अब छोटे दुकानदारों की बजाय बड़े और भरोसेमंद ब्रांडेड शोरूम की ओर अधिक रुख करेंगे।