चरणजीत कौर को प्रशस्ति पत्र व राशि सौंपते गोवा सीएम।
- फोटो : @DrPramodPSawant
हरियाणा भाजपा नेता सोनाली फोगाट की हत्या के मामले में गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने गोवा पुलिस की जांच को सही ठहाराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में सही दिशा में जांच की है। सोनाली के परिजनों की मांग के अनुसार ही यह केस सीबीआई को भेजा गया है। अब गोवा पुलिस सीबीआई के साथ पूरा सहयोग कर रही है।
डॉ. प्रमोद सावंत बुधवार को यहां हरियाणा निवास में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। गोवा के होटलों में ड्रग्स को लेकर डॉ. सावंत ने कहा कि गोवा की एंटी नारकोटिक्स सेल नशे पर नकेल कस रही है। तीन साल के अंदर बहुत सी रेड की गई है, जिसमें अपराधियों को पकड़ा गया है। इसके अतिरिक्त बड़े ड्रग्स पैडलर को भी पकड़ा जा रहा है। साथ ही इसका प्रयोग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
वहीं, सोनाली फोगाट के परिजनों द्वारा गोवा की पुलिस और सरकार पर मामले में लापरवाही बरतने और सबूतों को मिटाने के आरोपों को लेकर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। पुलिस ने अच्छे से मामले की जांच की है। जहां तक रेस्तरां कर्लीज को तोड़ने की बात है, पहले उस पर कोर्ट का स्टे था, स्टे हटने के बाद ही कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सीबीआई टीम गोवा में आ चुकी है और पुलिस ने सबूत सीबीआई को सौंप दिए हैं।
यह भी पढ़ें- बाप बना हैवान: नाबालिग बहनें बोलीं- मुंह में कपड़ा ठूंस पिता करता है दुष्कर्म, जबरन शराब व सिगरेट भी पिलाता है
गोवा में एप बेस्ड होगी टैक्सी
गोवा में टैक्सी कैब चालकों की मनमानी को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि यह मामला सरकार के संज्ञान में आया है। आगामी कुछ दिनों में पूरे गोवा में एप-बेस्ड टैक्सी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि टूरिज्म के क्षेत्र में गोवा लगातार कार्य कर रहा है। टूरिज्म के लिए हमें पिछले दिनों अवॉर्ड भी मिला है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा पर भी साधा निशाना
डॉ. सांवत ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर भी निशाना साधा। सावंत ने कहा कि अगर उस समय की कांग्रेस सरकार समय पर भारत जोड़ो आंदोलन शुरू करती तो गोवा 14 साल पहले आजाद हो जाता है। उस समय अखंड भारत को लेकर आह्वान होना चाहिए था। लेकिन इस समय सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और गोवा समेत अन्य प्रदेश के लोगों को बलिदान देना पड़ा। वहीं, पीएफआई पर प्रतिबंध पर सवाल पर सावंत ने टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।
यह भी पढ़ें- खुशखबरी: सात साल बाद 7471 पदों पर निकली TGT की भर्ती, HTET पास करने वालों को मिलेगा मौका