जीएमसीएच-32 अस्पताल परिसर में मंगलवार दोपहर सिक्योरिटी गार्डों द्वारा रॉन्ग साइड में कार ले जाने से रोकने पर हमला करने के दो आरोपियों को काबू कर लिया। जबकि, सेक्टर-34 थाना प्रभारी ने जीएमसीएच-32 में ऐसी किसी वारदात से इनकार किया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवकों की पहचान सेक्टर-32 निवासी राहुल और अजय के रूप में हुई है। वहीं आरोपी युवकों ने बताया कि पहले उनके साथ सिक्योरिटी गार्डों ने दुर्व्यवहार किया।
सिक्योरिटी गार्ड त्रिलोचन सैनी ने बताया था कि जीएमसीएच-32 अस्पताल के गेट नंबर-1 पर गार्ड कमलजीत, बलविंदर और उसके आगे सुपरवाइजर तारा सिंह की ड्यूटी थी। मंगलवार को करीब चार बजे इंडिका सवार चार युवक पार्किंग की ओर से रॉन्ग साइड में आ रहे थे।
इस दौरान गार्ड बलविंदर व कमलजीत ने उन्हें रोकने की कोशिश की। सैनी का आरोप है कि इस दौरान एक युवक कार से तलवार लेकर निकला और सिक्योरिटी गार्ड पर हमला किया। लेकिन, किसी तरह उसने भागकर जान बचाई। यह देख सिक्योरिटी गार्ड कमलजीत और सुपरवाइजर तारा सिंह उनकी ओर आए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कार से बाहर आए दूसरे युवक ने उन पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-34 थाने में शिकायत दर्ज करवाई। हैरानी की बात थी कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद थाना प्रभारी बलजीत सिंह को जानकारी तक नहीं है।