अगर आपने गमाडा के 325 रिहायशी प्लॉटों के लिए आवेदन किया है तो पढ़ लिजिए बुरी खबर। मामला प्लॉटों के ड्रा से जुड़ा है। दरअसल, ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी गमाडा ने शुक्रवार को एन मौके पर आईटी सिटी के रिहायशी प्लॉटों का नंबरिंग ड्रॉ कैंसिल कर दिया। गमाडा मैनेजमेंट ने इसकी वजह प्रबंधकीय बताई है। हालांकि दोबारा ड्रॉ कब निकाला जाएगा। इसके बारे में कुछ भी साफ नहीं किया गया है।
वहीं, जानकारों की मानें तो गमाडा लैंड पूलिंग वालों का ड्रॉ भी साथ निकालना चाहता है। जिसके लिए गमाडा ने तैयारी कर दी है। सब कुछ सही रहा तो अक्तूबर माह में अब ड्रॉ होगा। जानकारी के मुताबिक गमाडा ने शुक्रवार को आईटी सिटी के 325 रिहायशी प्लॉटों का नंबरिंग ड्रॉ निकालने का फैसला लिया था। ड्रॉ सेक्टर-69 के कम्युनिटी सेंटर में निकाला जाना था। लेकिन इसे गमाडा ने कैंसिल कर दिया।
इसके साथ ही गमाडा ने अब आईटी सिटी के लैंड पूलिंग योजना के अधीन आने वाले लोगों की सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। साथ ही लोगों को तीस सितंबर तक ऐतजराज देने के लिए कहा गया है। ऐतराज लिखित रूप में गमाडा दफ्तर में देना होगा। गमाडा ने साफ किया है कि इसके बाद आने वाले ऐतराजों पर किसी भी तरह का कोई विचार नहीं किया जाएगा। यह आदेश गमाडा के एस्टेट अफसर की तरफ जारी किए गए हैं।
ईमेल से भी भेज पाएंगे ऐतराज
जानकारी के मुताबिक, गमाडा ने लैंड पूलिंग के योग्य लोगों की सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड की है। वेबसाइट से सूची देखने के लिए लोगों को डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटजीएमएडीएडॉटजीओवीडॉटआईएन पर लॉगिन करना होगा। इसके अलावा ईमेल से ऐतराज भेजने के लिए eo@gma.gov.in पर मेल करनी होगी।