अजन्मी कन्याओं को गर्भ में मरने से बचाने के लिए वंदेमातरम प्रतिष्ठान ने अपनी पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी करते हुए कन्या भ्रूण हत्या करने व कराने वालों को पकड़वाने पर दो लाख रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है। इससे पहले प्रतिष्ठान की तरफ से कन्या भ्रूण हत्या करने वालों को पकड़वाने पर सवा लाख रुपये का ईनाम देने का प्रावधान था।
वंदेमातरम प्रतिष्ठान तथा बेटी बचाओ-सृष्टि बचाओ अभियान के संयोजक अमित निडानी ने रविवार को यहां पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि कन्या भ्रूण हत्या रोकना आज समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। इस चुनौती से निपटने के लिए उनकी संस्था पिछले छह-सात वर्षों से कन्या भ्रूण हत्या रोकने के प्रयास में लगी हुई है।
इसी के चलते उनकी संस्था ने पिछले वर्ष कन्या भ्रूण हत्या की सूचना देने पर सवा लाख रुपये के ईनाम की घोषणा की थी। निडानी ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ प्रोत्साहित करना भी जरूरी है। जब तक लोगों को प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा तब तक लोग कन्या भ्रूण के बारे में प्रशासन को सूचना नहीं देंगे।