खेलते-खेलते डेढ़ साल की बच्ची की जान चली गई, वहीं बच्ची की हालत देखकर मां चक्कर खाकर गिर गई। हादसे के बाद से कोहराम मचा है।
घटना चंडीगढ़ की है। सेक्टर-26 स्थित बापूधाम कॉलोनी के फेज-2 के मकान नंबर-64 की तीसरी मंजिल पर लगी लोहे की ग्रिल से नीचे गिरकर डेढ़ साल की बच्ची उर्वशी की मौत हो गई। हादसा रविवार दोपहर करीब दो बजे का है। उस समय बच्ची की मां रसोई में खाना बना रही थी और पिता कमरे में खाना खाने बैठे थे।
इसी बीच उर्वशी खेलते-खेलते मकान के पीछे की बालकनी में पहुंच गई। वह ग्रिल से नीचे झांकने लगी तो संतुलन बिगड़ने से नीचे जा गिरी। उसका सिर फर्श पर जा लगा। हादसे से हुए शोर को सुनकर आसपास खड़े लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में पड़ी उर्वशी को उठाकर वे परिवार सहित जीएमएसएच-16 ले गए। डॉक्टरी जांच में उसे मृत पाया गया।
सिर पर चोट लगने से हुई मौत
डॉक्टरों के मुताबिक उर्वशी की मौत सिर पर चोट लगने से हुई। बच्ची के पिता गुरदास पीजीआई में काम करते हैं और दोपहर का खाना खाकर उन्हें काम पर जाना था, लेकिन उससे पहले ही हादसा हो गया। गुरदास की तीन बेटियां हैं और उर्वशी मंझली थी। संयुक्त परिवार होने से गुरदास मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में रहते हैं। बेटी उर्वशी को खोने से मां का रो-रो कर बुरा हाल है।
वहीं, बापूधाम चौकी के इंचार्ज ने बताया कि हादसे के बारे में उन्हें किसी से कोई सूचना नहीं मिली है। बता दें कि बीते पांच जून को भी फेज-2 में इस मकान के पड़ोस के ही एक मकान की छत पर लोहे की ग्रिल के बीच बनी जगह से गिरकर डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। बापूधाम कॉलोनी में मकान की छत से नीचे गिरकर बच्चे की मौत का यह दूसरा मामला है।