जत्थेदार ने कहा कि अगर गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने के बाद सिखों को आतंकवादी कहा जाता है तो सिख इस प्रकार के आतंकवादी बनने के लिए सौ बार तैयार हैं। सिखों के लिए गुरुद्वारा साहिब के दर्शन बहुत जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि भारत व पंजाब सरकार डीजीपी पर सख्त करवाई करे।
दिनकर गुप्ता पर एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए, उन्होंने सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने सभी धर्म के लोगों से अपील की वह गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करके आएं। जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने के लिए आई विदेश संगत से बातचीत की। संगत के आग्रह पर उन्होंने फोटो भी खिचवाईं।
जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब की परिक्रमा के दर्शन किए। संगत के लिए तैयार किए जाने वाले लंगर की व्यवस्था देखी। प्रसादा तैयार कर रही महिलाओं के साथ बातचीत की। संगत के जूठे बर्तन साफ करने वाले स्थान पर भी जत्थेदार गए। ज्ञानी हरप्रीत ने पंगत में बैठ कर लंगर छका। बता दें कि जत्थेदार 12 सदस्यीय वफद के साथ एक सप्ताह के दौरे पर पाकिस्तान की यात्रा पर हैं।