अब चंडीगढ़ और दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर हर बीमारी की सस्ती दरों पर जेनेरिक दवाएं मिलेंगी। इसकी तैयारी इंडियन रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (आईआरएसडीसी) ने शुरू कर दी गई। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के मुसाफिरखाना स्थित एस्केलेटर के पास दवा स्टाल बनाया जा रहा है। इसका लाभ फरवरी से मिलेगा।
इसका टेंडर आईआरएसडीसी की ओर से ‘दवा दोस्त’ कंपनी को अलॉट किया गया है। कंपनी ने दिल्ली आनंद विहार और चंडीगढ़ में स्टाल लगाने का काम शुरू कर दिया है। कंपनी के अधिकारियों की मानें तो ब्रांडेड कंपनियों की सस्ती जेनेरिक मेडिसिन दोनों रेलवे स्टेशनों पर मिलेंगी।
अभी रेलवे स्टेशन के आसपास दवा की दुकान नहीं
मौजूदा समय में अगर चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर किसी यात्री की तबीयत खराब हो जाए तो दवा खरीदने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर चंडीगढ़ और पंचकूला साइड एक भी दवा की दुकान नहीं है। यात्रियों को दवा लेने के लिए अगर चंडीगढ़ साइड जाना है, तो आधा किमी दड़वा की तरफ या फिर रेलवे स्टेशन के पंचकूला साइड करीब तीन से चार किमी मीटर दूर जाना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है।
क्यों सस्ती होती हैं जेनेरिक दवाएं
एक ओर जहां ब्रांडेड दवाओं की कीमतें कंपनियां खुद तय करती हैं वहीं जेनेरिक दवाओं की कीमत को निर्धारित करने के लिए सरकार का हस्तक्षेप होता है। जेनेरिक दवाओं की मनमानी कीमत निर्धारित नहीं की जा सकती। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक डॉक्टर अगर मरीजों को जेनेरिक दवाएं लिख दें तो विकसित देशों में स्वास्थ्य खर्च 70 फीसदी और विकासशील देशों में और भी अधिक कम हो सकता है।