गीतांजलि केस में फंसे जज को बर्खास्त करने और बच्चों की कस्टडी लेने की मांग को लेकर परिजनों ने शहर के अग्रसेन चौंक पर प्रदर्शन और हिसार हाईवे पर तीन घंटे तक जाम लगाया।
जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों को मनाने के लिए एसडीएम विनय कुमार को लंबी जद्दोजहद करनी पड़ी। इसके बाद परिजन पैदल मार्च करते हुए मिनी सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा।
गीतांजलि के पिता, बहन व रिश्तेदारों के साथ सैकड़ों लोग प्रदर्शन में शामिल थे। हाथों में बैनर व पोस्टर लिए परिजन गीतांजलि को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे थे।
गीतांजलि की पिता ओमप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि जज जैसे बड़े पद पर रहते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती है। उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाये, ताकि जांच सही ढंग से चल सके।
मृतका की बहन गार्गी ने बताया कि उनकी बहन के बच्चों को नाना-नानी से मिलने नहीं दिया जा रहा। जानबूझकर जांच को प्रभावित किया जा रहा है। परिजनों ने कहा कि इस मामले को चार माह बीत चुके हैं लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।