लोगों को गैस प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकालती प्रशासन की गाड़ियां।
कोल्ड स्टोर से लीक हुई अमोनिया की दुर्गंध पांच किलोमीटर के क्षेत्र तक मार कर रही थी। शाहाबाद के मारकंडेश्वर मंदिर तक और दूसरी तरफ गांव कलसानी तक गैस रिसाव का प्रभाव था। मौके पर करीब एक घंटे में 20 से अधिक फायरब्रिगेड गाड़ियों ने पानी डालकर मामले को कंट्रोल करने का प्रयास किया था, लेकिन गैस का रिसाव बंद नहीं हो पा रहा था। गैस से प्रभावित हुए लोगों में काफी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं।
इस सूचना के मिलते ही तहसीलदार टीआर गौतम व शहरी चौकी प्रभारी सुनील वत्स मौके पर पहुंचे और तुरंत प्रभाव से मारकंडेश्वर मंदिर के सामने नाका लगाकर नलवी रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। उधर, गांव नलवी के पास भी नाका लगाकर यातायात बंद कर दिया गया।
तहसीलदार टीआर गौतम ने बताया कि गैस रिसाव को रोकने के लिए टेक्निकल एक्सपर्ट से संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही गैस लीकेज बंद कर दी जाएगी। कोल्ड स्टोर में लगे अमोनिया गैस टैंक में करीब चार टन गैस होती है। ऐसा माना जा रहा है कि पूरी गैस रिसाव होने के बाद ही स्थिति काबू में आएगी।
कुरुक्षेत्र सें मंगवाईं एंबुलेंस, कर्मचारी हुआ बेसुध
गैस रिसाव को रोकने के लिए एंबुलेंस कर्मचारी जंग लड़ते रहे। मौके की नजाकत को देखते हुए कुरुक्षेत्र और अन्य स्थानों से फायरब्रिगेड की गाड़ियां मंगवाई गई। मौके पर एक फायरब्रिगेड कर्मचारी रविंद्र सिंह बेसुध हो गया। उसेे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। मरीजों की संख्या बढ़ती देख अस्पताल का पूरा स्टाफ मौके पर बुलाया गया है।