कस्बा बरवाला के साथ करीब 37 गांव और कई महत्वपूर्ण संस्थान व कार्यालय सहित करीब तीन हजार दुकानों का बाजार है, लेकिन एक भी गैस एजेंसी नहीं है। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पंचायत हल्का अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने बताया कि कस्बे में गैस एजेंसी खोलने की काफी लंबे समय से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं किया गया।
यहां पंचकूला की गैस एजेंसियों से एक हफ्ते बाद कुछ सिलेंडर आते हैं। इससे पूरे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पर्याप्त सिलेंडर नहीं मिल पाता है। गाड़ियां आने पर सुबह से दोपहर तक कतार में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पाता है। कई बार पंचकूला से आने वाली गाड़ियां भी नहीं पहुंचती हैं।
उपभोक्ता दिनेश गर्ग, राजपाल, रामकुमार, विशाल आदि ने बताया कि विभिन्न पार्टी के नेताओं और सरकार से गैस एजेंसी खुलवाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया।
उधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि सरकार को बरवाला क्षेत्र के लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कस्बे में गैस एजेंसी खोलनी चाहिए। उधर, इनेलो के कालका विधायक प्रदीप चौधरी का कहना है कि प्रदेश में इनेलो सरकार आने पर गैस एजेंसी खोली जाएगी।