चंडीगढ़। शहर में पांच दिन से सफाई कर्मचारी और कूड़ा उठाने वाले नहीं आ रहे हैं। लोगों ने कूड़े को सड़कों पर खुले में फेंकना शुरू कर दिया है। इससे बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। बुधवार को सेक्टर 21 बी और सेक्टर 19 के लोगों ने नगर निगम से अपील की कि वे कूड़े वाली गाड़ियों को सोसाइटी में भेजें। लोग अपने घर का वेस्ट खुद ही गाड़ियों में डाल सकें।
सेक्टर 21बी निवासी आरडब्ल्यूए के प्रधान कुलदीप सिंह गिल ने बताया कि उन्हें लोगों ने शिकायत दी कि हाउस नंबर 1051, सेक्टर 21 बी के सामने पार्क के कॉर्नर पर कूड़े का ढेर लगा दिया है। अगर जल्द ही वहां से कूड़ा नहीं उठाया गया तो गली के कुत्ते पार्क और उनके घरों के आगे सारा कचरा फैला देंगे। सेक्टर 19 डी निवासी चंचल ने बताया कि उनके सेक्टर में गवर्नमेंट हाई स्कूल के सामने लोगों ने कूड़े का ढेर लगा दिया है। वहीं, सामने हॉस्पिटल होने के कारण भय है कि उसमें मेडिकल वेस्ट भी शामिल हो सकता है। कोरोना वायरस को लेकर लोग पहले ही डरे हुए हैं, ऐसे हालात में गंदगी से बीमारियों के फैलने की आशंका और ज्यादा बढ़ जाती है।