ट्राइसिटी के होटलों समेत अन्य कारोबारियों को फोन कर रंगदारी मांगने वाले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छह गुर्गों के खिलाफ मामला दर्जकर पुलिस ने एक आरोपी को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-37/सी निवासी जावेद जींझा (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने जावेद जींझा समेत पलसौरा निवासी राजेश पासवान, डड्डूमाजरा निवासी रिंकू, विक्रमजीत सिंह, जैकी और दीपक कुंडू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सेक्टर-39 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पिछले काफी समय से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे ट्राइसिटी के होटल-रेस्टोरेंट समेत अन्य कारोबारियों से रंगदारी मांग रहे हैं। पुलिस ने बुधवार को सेक्टर-39 थाना एरिया में जावेद जींझा को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के लिए रंगदारी वसूलने का काम करता था। वीरवार को आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड लेगी। बता दें कि इस केस में नामजद आरोपी राजेश पासवान और रिंकू को बीते साल सेक्टर-26 स्थित एफबार में सहदेव सलारिया की जन्मदिन पार्टी में गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
इसके अलावा हाल ही में सेक्टर-38 में हुई एक पार्टी में मारपीट और ध्वनि प्रदूषण करने के मामले में रिंकू व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।