पुलिस ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के साथी गैंगस्टर रोशन हुंदल को उसके चार अन्य साथियों सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों से छह राइफल, दो रिवाल्वर, दो पिस्टल, 183 कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी ध्रुव दहिया ने बताया कि गैंगस्टर रोशन हुंदल ने एक गिरोह बना रखा है।
आरोपी शहर में गुंडागर्दी, कॉलेजों में प्रधानगी, सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश, लूटपाट, गैरकानूनी हथियारों की तस्करी, गैरकानूनी हथियार रखने, छात्र संगठनों के चुनाव में गुंडागर्दी करने, डर पैदा करने के लिए फायरिंग करने जैसे काम करते थे। पुलिस ने गैंगस्टर जग रोशन सिंह उर्फ रोशन सिंह हुंदल निवासी गांव कलेर, सम्मा पहलवान उर्फ सरवन सिंह निवासी गांव कैरोंवाल, जगजीत सिंह निवासी रसूलपुर, सुखदेव सिंह निवासी मेजर जीवन सिंह नगर तरनतारन और एकम सिंह निवासी काजीकोट तरनतारन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस इनके फरार साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोगा निवासी अलादीनपुर, अर्शदीप सिंह निवासी गांव कुल्ला, मनदीप सिंह निवासी गांव मुंडापिंड, सोनू निवासी शेरों और कमल निवासी पट्टी को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी कर रही है। पुलिस ने आरोपियों से छह राइफल, दो रिवाल्वर, दो पिस्टल, 183 कारतूस बरामद किए हैं।
एसएसपी दहिया ने बताया कि पुलिस ने गैंगस्टर रोशन हुंदल गिरोह के 10 बदमाशों को नामजद किया है। पुलिस ने पांच को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी के 5 आरोपियों की तलाश के लिए छापामारी की जा रही है। गैंगस्टर रोशन हुंदल पर पहले से भी 4 केस दर्ज हैं।
सम्मा पहलवान श्री गुरु अर्जन देव खालसा कॉलेज की छात्र यूनियन का प्रधान है। एकम सिंह सेवा देवी एसडी कॉलेज छात्र यूनियन का प्रधान है। पकड़े गए गैगस्टरों ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर हथियारों के साथ फोटो अपलोड कर रखे हैं। इस मौके एसपी इन्वेस्टिगेशन जगजीत सिंह वालिया, सीआईए स्टाफ के इंचार्ज हरित शर्मा, थाना सिटी के प्रभारी गुरचरण सिंह उपस्थित थे।