पंजाबी मॉडल व फिल्म एक्ट्रेस के गैंगरेप में आरोपी पंजाबी सिंगर जैली ने पुलिस की टेंशन बढ़ा दी है। पुलिस उसे कई माह बाद भी गिरफ्तार करने में पूरी तरह फेल साबित हुई। दूसरी तरह आरोपी जहां पहले देश में एक के बाद एक स्टेज शो कर रहा था। वहीं, अब विदेशों में उसके शो बुक होने का मामला सामने आया है।
सूत्र बता रहे हैं कि जैली शो के लिए विदेश निकल चुका है। हालांकि जिले की पुलिस दावा कर रही है वह देश से बाहर नहीं भागा है। वहीं, दूसरी तरफ उसके शो के लिए टिकटों की बिक्री संबंधी सोशल साइट पर लगातार मैसेज चल रहे हैं।
सोशल साइट्स पर जो मैसेज चल रहे हैं, उनके मुताबिक जैली का शो कनाडा के सरी स्थित बेयर क्रीक कम्युनिटी सेंटर में रविवार को है। शो को मेला-2015 का नाम दिया गया है। इसमें जैली के अलावा सिंगर माशा अली, पुष्पिंदर कौर, सुरिनदीप लाड्डी, ज्योति विर्क और दविंदर दयालपुरी भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
शनिवार को पूरा दिन यह मामला चर्चा में रहा। सूत्रों की मानें तो जैसे ही इस बारे में पुलिस को सूचना मिली पुलिस की एक टीम ने जैली के जुझार नगर स्थित घर पर भी दबिश दी। परंतु वहां से भी पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ा। जिक्रयोग है कि पुलिस ने अक्तबूर 2014 में पंजाबी मॉडल व सिंगर से रेप के मामले में गायक जरनैल सिंह उर्फ जैली, स्वर्ण सिंह, मनिंदर सिंह व चरनप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था।
ये सारे पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। मॉडल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि आरोपी जैली उसे संगीत सिखाने के बहाने सेक्टर-57 स्थित फ्लैट पर ले गया था, जहां पर उसने और उसके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया था। साथ ही उसका वीडियो भी बनाया था।