म्यामांर में चल रही जूनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में सोनीपत जिले के बरोदा गांव की कुश्ती खिलाड़ी सरिता मोर ने सिल्वर पदक झटका। हालांकि सरिता स्वर्ण पदक से मात्र एक कदम दूर रह गई, लेकिन फिर भी परिजनों में खुशी का माहौल है।
भारतीय कुश्ती संघ की तरफ से म्यमांर में 9 से 12 जुलाई तक होने वाली जूनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में शनिवार को 59 किलोग्राम भार वर्ग में सरिता और जापान की खिलाड़ी के बीच कांटे की टक्कर रही। हालांकि इस मुकाबले में सरिता को हार का सामना करना पड़ा, फिर भी चैंपियनशिप में सिल्वर पदक झटक लिया।
सरिता के पिता रामचंद्र ने बताया कि अभी उन्हें मीडिया के माध्यम से ही यह पता चला है। बेटी की इस उपलब्धि पर परिजनों में खुशी का माहौल है। उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
सरिता के अलावा हरियाणा की ही मनीषा ने 63 और पूजा 72 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीते हैं। हरियाणा कुश्ती संघ के महासचिव राजकुमार हुड्डा ने भी सरिता की उपलब्धि पर खुशी जताई है।