चंडीगढ़। शहर में लोकल रूट पर सीटीयू की बसें चलाई जा रही हैं, लेकिन इनमें सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं। इसे लेकर पीपल्स वॉयस (आम आदमी) की तरफ से पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को पत्र लिखकर सीटीयू की बसों में व्यापक प्रबंध करने की मांग की गई है।
पत्र में लिखा है कि शहर में करीब 50 प्रतिशत सवारियां सीटीयू की बसों में रोजाना सफर करती हैं, लेकिन ज्यादातर बसों के कंडक्टर ग्लब्स नहीं पहन रहे हैं, न ही वह फेसशील्ड का इस्तेमाल करते हैं। कंडक्टर ज्यादा लोगों के संपर्क में आते हैं, इसके अलावा पैसों का लेन-देन होता है, इसलिए बस कंडक्टर का ग्लब्स पहनना बेहद आवश्यक है। पत्र में अंदेशा जताया गया है कि अगर सीटीयू की बसों में लापरवाही बरती गई तो कोरोना फैल सकता है, क्योंकि रोजाना हजारों लोग इन बसों में सफर करते हैं। ज्यादातर बसों में सैनिटाइजर भी नहीं रखे गए हैं। कुछ बसों में जो सैनिटाइजर रखे गए हैं, उनकी क्वालिटी बेहद घटिया है, इसलिए मांग की गई है कि सीटीयू बस में हर कंडक्टर को ग्लब्स और फेसशील्ड अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि कोरोना वायरस सीटीयू की बसों में न फैल सके।