गोल्फ ट्राफी के साथ गगनजीत भुल्लर और उनकी पत्नी-बेटी।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के रहने वाले गगनजीत भुल्लर ने चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में खेले गए जीव मिल्खा सिंह इनविटेशनल गोल्फ टूर्नामेंट को जीत लिया है। उन्हें विजेता ट्राफी के साथ 22 लाख रुपये का इनाम भी मिला। रविवार को आखिरी राउंड का मुकाबला खेला गया।
होल नंबर 18 पर विजेता घोषित किया जाना था। इस होल के लिए बंगलुरु के चिंगारप्पा, शहर के करणदीप कोचर और गगनजीत भुल्लर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। तीनों खिताब के बिल्कुल नजदीक पहुंच गए थे। भुल्लर ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए समझदारी वाला शॉट लगाते हुए गेंद होल के अंदर डालकर विजेता बने।
भुल्लर जैसे ही विजेता बने उनके करीबी दोस्तों ने शैम्पेन उन पर डालकर अपनी खुशी जाहिर की। इस मौके पर गगनजीत भुल्लर का परिवार भी वहां मौजूद रहा। उनकी मां सर्बजीत कौर, पत्नी नरीना भुल्लर और बेटी फसीदा भुल्लर भी मौजूद रहीं। टूर्नामेंट में देश के बेहतरीन प्रोफेशनल गोल्फर्स ने हिस्सा लिया।