देश में एक मार्केट है, जहां आधे दाम पर फर्नीचर मिल जाता है और लेह-लद्दाख, हिमाचल व उत्तराखंड के लोग यहां फर्नीचर खरीदने के लिए आते हैं। साल 1984 में बनी फर्नीचर मार्केट पूरे चंडीगढ़ की शान बन चुकी है। इस मार्केट की सबसे अनोखी बात यही है कि आप जैसा चाहे वैसा फर्नीचर बना सकते हैं। यहां विभिन्न वैराइटी के साथ अत्याधुनिक व टिकाऊ फर्नीचर उपलब्ध है। इसकी कीमत भी अन्य मार्केट के मुकाबले 40 फीसदी कम होती है।
यहां फुटकर से लेकर फर्नीचर की होलसेल मार्केट है। यहां आपको बेड, ड्रेसिंग टेबल, सोफा सेट, टेबल, डायनिंग टेबल, कॉर्नर टेबल, चेयर सब मिल जाएगा। सबसे ज्यादा लोग डबल, सिंगल बेड व डाइनिंग टेबल के लिए आते हैं। यहां फर्नीचर की करीब 114 से अधिक दुकानें हैं। यहां पर ज्यादातर फर्नीचर मैन्युफैक्चरर है। यही वजह है कि यहां फर्नीचर रिटेल मार्केट और फर्नीचर शोरूम की तुलना में कम दाम में मिलता है।
यहां के प्रमुख कारोबारी नरेंदर कुमार ने अमर उजाला को बताया कि यहां पर ज्यादातर दुकानें खुद ही फर्नीचर का सामान तैयार कराती हैं, जिसके चलते इस मार्केट में चंडीगढ़ की अन्य मार्केट से काफी सस्ता फर्नीचर का सामान यहां मिलता है। फर्नीचर का सामान सस्ता होने केचलते चंडीगढ़ ही नहीं आसपास के राज्यों से भी लोग यहां फर्नीचर का सामान खरीदने के लिए आते हैं।
दुकानदार खुद ही बनाते हैं फर्नीचर
सेक्टर 53 की फर्नीचर मार्केट में सामान सस्ता होने के चलते चंडीगढ़ के साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल तक के लोग यहां खरीदारी करने के लिए आते हैं। इस मार्केट में हाउस फर्नीचर की अधिक खरीदारी होती है। यहां परं सोफा सेट, बेड बाक्स, डायनिंग टेबल की अधिक डिमांड रहती है। इसकी वजह यह है कि यहां पर ज्यादातर सामान दुकानदार खुद ही बनवाते हैं, जिसके चलते फर्नीचर का सामान काफी सस्ता मिल जाता है।
इसलिए दूर दराज से लोग आते हैं
व्यापारियों का कहना है कि यह मार्केट सबसे पुरानी है। काफी सारी दुकाने होने की वजह से आपस में काफी कंपटीशन है। इस वजह से लोग सस्ता बेचता है। व्यापारी खुद ही फर्नीचर बनाते हैं। लेबर भी इन्हीं की होती है। इसलिए कम रेट पर फर्नीचर तैयार होता है। लोगों को आकर्षित करने की एक वजह यह भी है कि यहां फर्नीचर काफी मजबूत होता है। सालों-साल फर्नीचर चलने का दावा किया जाता है। चंडीगढ़ की अन्य मार्केट में जो बेड बाक्स 40 से 45 हजार की कीमत में मिलता है, वह बेड बाक्स यहां 15 से 20 हजार में मिल मिल जाता है। यह फर्नीचर किसी ब्रांडेड फर्नीचर से कम नहीं है। दुकानदार बाकायदा इसकी गारंटी भी लेते हैं।
सामान मार्केट के रेट बाहर के रेट
सोफा सेट 25-30 65-70
डायनिंग टेबल 20- 22 45- 50
बेड बाक्स 15- 20 40-45
टेबल 05- 07 16- 18
चेयर 03- 05 12- 15
नोट- सभी रेट हजार रुपये के आंकड़े में और औसत रेट हैं।