चंडीगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी से होगी। केंद्र सरकार की ओर से तिथि घोषित करने के साथ ही चंडीगढ़ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देेने में जुट गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शहर में टीकाकरण के लिए कुल 8 केंद्र बनाए हैं। वहीं, एक अतिरिक्त केंद्र को आरक्षित रखा गया है। टीकाकरण के लिए जीएमएसएच-16 में दो, जीएमसीएच-32 में दो, मनीमाजरा में एक, सेक्टर-22 में एक, सेक्टर-45 में एक और पलसौरा के स्वास्थ्य केंद्र में एक टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। स्वास्थ्य निदेशक डॉक्टर अमनदीप कौर कंग ने बताया कि इन केंद्रों में से आठ पर टीकाकरण होगा जबकि एक केंद्र को आरक्षित रखा जाएगा।
शनिवार को स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ इनमें से कुछ केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। स्वास्थ्य निदेशक डॉक्टर अमनदीप कौर कंग ने बताया कि टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है। कुछ दिनों में शहर के लिए आवंटित 21 हजार वैक्सीन का स्टॉक भी पहुंच जाएगा।
हर केंद्र पर पांच टीकाकरण व दो स्वास्थ्य अधिकारी रहेंगे तैनात
डॉक्टर अमनदीप कौर कंग ने बताया कि टीकाकरण के लिए बनाए गए प्रत्येक केंद्र पर पांच टीकाकरण अधिकारियों के साथ दो मेडिकल ऑफिसरों की ड्यूटी लगाई है ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी होने की गुंजाइश न रहे। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर उच्च चिकित्सा अधिकारियों की टीम भी लगातार औचक निरीक्षण करती रहेगी।
दो केंद्रों पर सजीव प्रसारण
टीकाकरण के दौरान शहर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाए गए आठ केंद्रों में से दो का लाइव वेबकास्ट किया जाएगा। 16 जनवरी को देश में बनाए गए 5000 केंद्रों में से 60 का लाइव वेबकास्ट करके टीकाकरण का मंत्रालय द्वारा सीधा जायजा लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने 2 केंद्रों में से जीएमएसएच-16 को एक केंद्र के रूप में चुना है लेकिन अभी दूसरे केंद्र का नाम तय नहीं किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के 8830 और पीजीआई के 12 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को लगेगा टीका
16 जनवरी से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग के 8830 और पीजीआई के 12 हजार स्वास्थ्यकर्मियों का शनिवार तक पंजीकरण हो चुका है। पहले चरण में इन सभी स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। इन पंजीकृत स्वास्थ्यकर्मियों में से ही डेढ़ सौ से ज्यादा कर्मचारियों के साथ शहर में दो चरणों में ड्राई रन की प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया मॉक ड्रिल
टीकाकरण की तैयारियों का जायजा लेने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम ने डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि श्रीनिवासन के साथ सेक्टर-22, सेक्टर 45 के साथ ही जीएमएसएच 16 में बनाए गए टीकाकरण केंद्र पर मॉक ड्रिल किया। इस दौरान तीनों केंद्रों के ऑब्जर्वेशन रूम की बारीकी से जांच की गई।