सरकारी अस्पतालों में गरीब मरीजों की मदद के लिए पंजाब सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब सरकारी अस्पतालों की इमरजेंसी में दाखिल होने के पहले 24 घंटे तक मरीजों का मुफ्त इलाज किया जाएगा। सेहत एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव विनी महाजन ने इस संबंध में राज्य के सभी सिविल सर्जनों को लिखित में आदेश जारी कर तुरंत लागू करने को कहा है।
इन मुफ्त सेवाओं में सर्जिकल, डायगनोस्टिक, लैब टेस्ट की सेवाओं के अलावा दवाएं आदि भी शामिल हैं। राष्ट्रीय सेहत मिशन के तहत मरीज को यह सेवाएं मुफ्त दी जाएंगी। पंजाब पूरे भारत में पहला ऐसा राज्य है, जहां इमरजेंसी में दाखिल होने वाले मरीजों को पहले 24 घंटे तक मुफ्त सेहत सेवाएं देने की व्यवस्था की गई है।
मेडिकल लीगल केसों को छोड़कर अस्पताल की इमरजेंसी में दाखिल होने वाले मरीजों का पहले 24 घंटे तक इलाज मुफ्त करने और इस दौरान मरीज से इलाज के लिए कोई भी पैसा नहीं लिया जाएगा।
सिविल सर्जन डॉ. राजीव भल्ला ने बताया कि सेहत एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव विनी महाजन के आदेश को उन्होंने जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में तुरंत लागू कराने को आदेश दे दिए हैं।
डॉ. भल्ला ने कहा कि सरकार के इस फैसले से गरीब मरीजों को काफी फायदा होगा। पैसे की तंगी के कारण अकसर उन्हें इलाज में दिक्कतें होती हैं।