चंडीगढ़। मानव कल्याण परिसर, रोटरी क्लब चंडीगढ़ और डीवी केयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सेक्टर-42 के कम्युनिटी सेंटर में निशुल्क मेडिकल चेक-अप एवं लंग हेल्थ कैंप लगाया गया। कैंप का उद्घाटन रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान परमजीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पार्षद एवं पूर्व उपमहापौर जसबीर सिंह बंटी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। यहां शुगर, ब्लड प्रेशर, नेत्र, दंत, ईसीजी, फिजियोथेरेपी, नेचुरोपैथी और कम्प्यूटरीकृत लंग फंक्शन टेस्ट की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, त्वचा रोग, ईएनटी, स्त्री रोग, आयुर्वेद, होम्योपैथी और फिजियोथेरेपी से जुड़ा परामर्श भी दिया। जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां और चश्मे भी वितरित किए गए।