शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने गुरुद्वारा श्री करतापुर साहिब के दर्शनों के लिए श्री हरमंदिर साहिब से जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए करतारपुर कॉरिडोर तक के लिए एक फ्री बस सेवा शुरू की है। पहली बस को एसजीपीसी के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने कोतवाली चौक के नजदीक स्थित गुरुद्वारा सारागढ़ी साहिब से रवाना किया।
यह बस सुबह गुरुद्वारा सारागढ़ी साहिब के नजदीक स्थित भाई गुरदास हॉल से रोज चलेगी। शाम को गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर डेरा बाबा नानक लौटने वाली संगत को अमृतसर भी लाएगी। एसजीपीसी इससे पहले भी डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से कॉरिडोर तक फ्री बसों की सुविधा उपलब्ध करवा रही है। इस अवसर पर लौंगोवाल ने कहा कि एसजीपीसी गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने के लिए वचनबद्ध है।
डेरा बाबा नानक स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब श्री दरबार साहिब में श्रद्धालुओं के लिए रिहायश और लंगर की सुविधा निरंतर जारी है। संगत की मांग थी कि एक बस अमृतसर से भी शुरू की जाए। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर बसों की गिनती भी बढ़ा दी जाएगी। इस अवसर पर एसजीपीसी सदस्य भाई मंजीत सिंह, अधिवक्ता भगवंत सिंह स्यालका के साथ-साथ एसजीपीसी अधिकारी मौजूद थे।