वकील ने बताया कि जेएमआईसी मेनका सिंह की अदालत में केस से जुड़ी बहस पूरी हो चुकी है। शुक्रवार को अदालत फैसला सुना सकती थी, लेकिन रामपाल सहित सभी आरोपियों की मौजूदगी जरूरी थी। फैसला सुनाते समय वीसी सिस्टम पर सवाल उठाया जा सकता है। ऐसे में अदालत ने दिनभर रामपाल को रोहतक कोर्ट में लाकर पेश करने की स्थिति पर मंथन किया। हालात को देखते हुए दोपहर बाद वीसी सिस्टम से ही पेशी कराने की सहमति दे दी।
समर्थक खड़ी कर देते हैं परेशानी
पिछले दिनों एडीजे अश्वनी कुमार की कोर्ट ने पुलिस को हिदायत दी थी कि रामपाल को अदालत में पेश किया जाए। क्योंकि पुलिस बार-बार हिदायत के बावजूद वीसी सिस्टम नहीं लेकर आ रही। इसकी भनक रामपाल के समर्थकों को लग गई, जो सैकड़ों की संख्या में रोहतक बस स्टैंड से लेकर मानसरोवर पार्क तक पहुंच गए। पुलिस को कानून व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि उस दिन पुलिस ने रामपाल को पेश नहीं किया, बल्कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये ही सुनवाई की गई।