चंडीगढ़। सेक्टर-35ए स्थित म्युनिसिपल भवन में चौथे चंडीगढ़ संगीत और फिल्म महोत्सव का पहला दिन धूमधाम से शुरू हुआ। इस अवसर पर कई लघु फिल्में दिखाई गईं। इस महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए निर्देशक मधुर भंडारकर, किरण जुनेजा, गोविंद नामदेव, प्रदीप सिंह रावत, निर्मल ऋषि, विजय पाटकर, चंदन प्रभाकर, पंकज बेरी, जयप्रकाश शॉ, आकाश अलघ सहित फिल्म उद्योग के पेशेवर पहुंचे हैं। रविवार को फिल्म निर्माताओं, अभिनेताओं, निर्देशकों के सत्र भी हुए, जिसमें सिनेमा उद्योग में वर्तमान रुझानों और तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई। फिल्म महोत्सव के निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि महोत्सव के उद्घाटन के दिन काफी संख्या में फिल्म प्रेमी, छात्र व अन्य लोग पहुंचे। चौथे चंडीगढ़ संगीत और फिल्म महोत्सव के दूसरे और तीसरे दिन 8 अप्रैल और 9 अप्रैल के कार्यक्रम चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महोत्सव में फिल्म निर्माताओं से लेकर अनुभवी पेशेवरों तक सिनेमा की कला का जश्न मनाने के लिए इकट्ठे हुए हैं। द लास्ट मील सहित इन लघु फिल्में को दिखाया
रविवार को पहले दिन महोत्सव में कई लघु फिल्में भी प्रदर्शित की गईं। इसमें अंकुर रॉय द्वारा निर्देशित टेस्ट, केतकी पांडे द्वारा निर्देशित द लास्ट मील, दीपक विश्वनाथ पवार द्वारा निर्देशित चोरी, प्रिया उपाध्याय और बिशाल कुमार सिंह द्वारा निर्देशित आखिरी तस्वीर, रूपिंदर सिंह द्वारा निर्देशित मोहब्बत दी मिट्टी, प्रियंका गांगुली द्वारा निर्देशित द वॉयस ऑफ एक्टिंग, मयंक शर्मा और सनाजलि सूरी द्वारा निर्देशित द लास्ट विश, एचआरडी सिंह द्वारा निर्देशित डिवोर्स, अयाना और गौरी द्वारा निर्देशित आई वांट आउट, दीपक हुड्डा द्वारा निर्देशित उड़ान जिंदगी की, तनिष्ठा सरकार द्वारा निर्देशित फिर से उजाला...द अनके जिंग और निशा लूथरा द्वारा निर्देशित द सहगल हाउस शामिल हैं।