अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल अमृतसर पहुंचा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अमेरिका के चार सीनेटर शुक्रवार को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। अमेरिका के सीनेटर हाई पावर शिष्टमंडल, परिवारिक सदस्यों और दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों के साथ यहां पहुंचे थे। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुके देकर स्वागत किया। हाई पावर शिष्टमंडल एयरपोर्ट से सीधे सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के लिए रवाना हुआ और श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने के बाद सिख मर्यादा को जाना।
अमेरिका के सीनेटर कोरी बुकर व शिष्टमंडल के अन्य सदस्यों ने गुरुघर की मर्यादा व सिख इतिहास संबंधी जानकारी हासिल की। अमेरिकी शिष्टमंडल गुरुघर की रसोई को देख काफी प्रभावित हुआ और शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे सीनेटर कोरी बुकर ने गुरु श्री रामदास लंगर हाल (रसोई) में सेवा करने की इच्छा भी जताई।
उन्होंने लंगर तैयार करने में इस्तेमाल किए जाने वाले बड़े-बड़े बर्तनों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान शिष्टमंडल के सभी सदस्यों ने लंगर हाल में लंगर तैयार करने और श्रद्धालुओं को लंगर बरताने की मर्यादा को ध्यान से देखा। उन्होंने पंजाब की सभ्यता के बारे में जाना और इससे प्रभावित हुए। इनमें न्यूयार्क की सीनेटर कर्सटन गिल्लीब्रांड, न्यूजर्सी के सीनेटर कोरी बुकर, रोड आईलैंड के सीनेटर शैलडन व्टाइट हाउस, ऐरीजोना के सीनेटर मार्क कैली और प्रतिनिधि कांग्रेस मेन मोनडेयर जोनस शामिल थे। इसके अलावा कुछ सीनेटरों के परिवारिक सदस्य और दिल्ली स्थित अमेरिकन दूतावास के अधिकारी पेटरीशिया लासानी और डेन रोबिनस भी शामिल थे।
मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस अवसर पर मीडिया से कहा कि हमें खुशी है कि अमेरिका का हाई पावर प्रतिनिधि, जो बड़ा प्रभावशाली है, सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होने आया है। इससे पंजाबी और पंजाबियत का प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है कि पंजाब सरकार ने उन्हें इस शिष्टमंडल के स्वागत के लिए भेजा। इस मौके पर श्री दरबार साहिब के मैनेजर सुलखन सिंह भंगाली, अतिरिक्त मैनेजर सतनाम सिंह रियाड़ और सूचना केंद्र के अधिकारी जसविंदर सिंह जस्सी ने सूचना केंद्र में अमरीका के हाई पावर शिष्टमंडल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक बीबी बलजिंदर कौर भी उपस्थित रहीं।